सोमवार, 23 नवंबर 2026 | कानपुर, उत्तर प्रदेश
कानपुर की हर खबर, सबसे पहले

देश

चुनाव आयोग अपने ही मकड़जाल में फंसा! : बृजभूषण सिंह परिहार

लोकतंत्र में कोई भी संस्था सवालों से ऊपर नहीं हो सकती।

चुनाव आयोग अपने ही मकड़जाल में फंसा! : बृजभूषण सिंह परिहार — आज का कानपुर

आज का कानपुर

कानपुर।चुनाव आयोग की ओर से सुप्रीम कोर्ट में दाखिल हलफनामा अब खुद आयोग के लिए कई असहज सवाल खड़े कर रहा है। हलफनामे का विस्तार से अध्ययन करने पर एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) की प्रक्रिया, उसके निर्णय और कार्यप्रणाली को लेकर कई ऐसे पहलू सामने आते हैं, जिन पर आयोग की चुप्पी संदेह पैदा करती है। लोकतंत्र में चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता सर्वोपरि होती है, लेकिन जब इसी प्रक्रिया को संचालित करने वाली संवैधानिक संस्था के फैसलों पर सवाल उठने लगें तो जवाबदेही और भी जरूरी हो जाती है।सबसे बड़ा सवाल यह है कि एसआईआर कराने का फैसला आखिर किसने लिया और इसके पीछे क्या आधार था? क्या इस निर्णय की पूरी प्रक्रिया सार्वजनिक की गई? दूसरा सवाल फॉर्म-6 से जुड़ा है। चुनाव आयोग ने इसमें किस अधिकार और किस प्रक्रिया के तहत बदलाव किए? तीसरा सवाल और भी गंभीर है। इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर (ईआरओ) के अधिकार चुनाव आयोग ने दिल्ली स्थित अपने आईटी डिवीजन को क्यों और किस आधार पर सौंपे?

पश्चिम बंगाल में 16 लाख मामले किसने और किन तथ्यों के आधार पर दर्ज किए? क्या इन मामलों की जांच और सत्यापन की प्रक्रिया पारदर्शी रही? इसी तरह 'लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी' के नाम पर इस्तेमाल किए जा रहे सॉफ्टवेयर और उसकी कार्यप्रणाली को सार्वजनिक क्यों नहीं किया जा रहा है? यदि पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष और नियमों के अनुरूप है तो उसे सार्वजनिक करने में परेशानी क्या है?फॉर्म-7 को लेकर भी स्थिति स्पष्ट होनी चाहिए। क्या इसे एक साथ बड़ी संख्या में दाखिल किया जा सकता है? यदि हां, तो इसके लिए क्या नियम और सुरक्षा प्रावधान हैं? सातवां सवाल एसआईआर की अंतिम सूची जारी होने के बाद भी फॉर्म-8 भरे जाने को लेकर है। आखिर अंतिम सूची के बाद इसकी आवश्यकता और प्रक्रिया क्या है?ये सात सवाल केवल तकनीकी प्रक्रियाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि देश की चुनावी व्यवस्था की विश्वसनीयता और लोकतांत्रिक पारदर्शिता से जुड़े हैं। चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है, इसलिए उससे अपेक्षा की जाती है कि वह हर सवाल का जवाब तथ्यों और नियमों के आधार पर दे।

लोकतंत्र में कोई भी संस्था सवालों से ऊपर नहीं हो सकती। चुनाव आयोग को भी अपनी कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवालों का स्पष्ट जवाब देश के सामने रखना चाहिए। पारदर्शिता ही लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है।