सोमवार, 23 नवंबर 2026 | कानपुर, उत्तर प्रदेश
कानपुर की हर खबर, सबसे पहले

उत्तर प्रदेश बिल्हौर

लोक भवन में गूंजी बिल्हौर की आवाज, सीएम योगी के सामने विधायक राहुल बच्चा ने फिर उठाया न्यायिक क्षेत्र का मुद्दा

माती से कानपुर नगर स्थानांतरित करने की रखी मांग, क्षेत्रवासियों को न्यायिक कार्यों में होने वाली परेशानियों से कराया अवगत; मुख्यमंत्री से मुलाकात बनी क्षेत्र में चर्चा का विषय

लोक भवन में गूंजी बिल्हौर की आवाज, सीएम योगी के सामने विधायक राहुल बच्चा ने फिर उठाया… — आज का कानपुर

आज का कानपुर/आनन्द तिवारी

बिल्हौर। बिल्हौर विधानसभा क्षेत्र के न्यायिक अधिकार क्षेत्र को लेकर लंबे समय से चली आ रही मांग एक बार फिर प्रदेश सरकार के शीर्ष स्तर तक पहुंची है। शनिवार को लखनऊ स्थित लोक भवन में बिल्हौर विधायक राहुल बच्चा सोनकर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर क्षेत्र के इस महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। विधायक की इस मुलाकात और न्यायिक क्षेत्र से जुड़े मुद्दे को दोबारा मुख्यमंत्री के सामने रखे जाने की क्षेत्र में चर्चा हो रही है।

मुलाकात के दौरान विधायक राहुल बच्चा सोनकर ने बिल्हौर विधानसभा क्षेत्र के न्यायिक अधिकार क्षेत्र को माती (कानपुर देहात) से स्थानांतरित कर पुनः कानपुर नगर से संबद्ध किए जाने की मांग रखी। उन्होंने मुख्यमंत्री को क्षेत्रवासियों की समस्याओं से अवगत कराते हुए बताया कि वर्तमान व्यवस्था के चलते लोगों को न्यायिक कार्यों के लिए अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। इससे समय और आर्थिक संसाधनों के साथ-साथ आम लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

विधायक ने इस विषय को केवल न्यायिक क्षेत्र के पुनर्गठन का मामला न बताते हुए इसे आम जनता की सुविधा और न्याय तक सुगम पहुंच से जुड़ा महत्वपूर्ण सवाल बताया। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि क्षेत्रवासियों की मांग और उनकी व्यावहारिक कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए इस दिशा में सकारात्मक पहल की जाए।

बिल्हौर के न्यायिक अधिकार क्षेत्र को पुनः कानपुर नगर से जोड़ने की मांग लंबे समय से क्षेत्र में उठती रही है। ऐसे में विधायक द्वारा मुख्यमंत्री के समक्ष इस विषय को फिर से प्रमुखता से रखे जाने के बाद अब लोगों की निगाहें शासन स्तर पर होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं। मुख्यमंत्री से हुई इस मुलाकात ने एक बार फिर इस मुद्दे को स्थानीय चर्चा के केंद्र में ला दिया है।

विधायक राहुल बच्चा सोनकर ने कहा कि बिल्हौर की जनता की सुविधा, सम्मान और अधिकारों के लिए वह सदैव प्रतिबद्ध हैं। क्षेत्र की समस्याओं को शासन तक पहुंचाकर उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास करना उनकी प्राथमिकता है।

इससे जुड़ी खबरें

और पढ़ें →